



किसी अज्ञात व्यक्ति ने नागपुर पुलिस कंट्रोल को फोन कर मुंबई के नामी लोगों के घर में बम विस्फोट होने करने की बात कही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, फोन करने वाले ने दावा किया है कि उद्योगपति मुकेश अंबानी के बंगले एंटीलिया में विस्फोट किया जाएगा। इसके अलावा फोन करने वाले ने यह भी कहा कि बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के घर और बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र के घर पर भी धमाके किया जायेगा।
मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की
नागपुर पुलिस कंट्रोल ने इस कॉल के बाद मुंबई पुलिस को यह जानकारी दी। मुंबई पुलिस हाल कॉल करने वाले का पता लगाने की कोशिश कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ मुकेश अंबानी, अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र सहित उनके परिवार के पास पहले से ही सुरक्षा है लेकिन इस कॉल के बाद सुरक्षा की समीक्षा की गई है। अमिताभ बच्चन के घर के बाहर पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है।
मुंबई पुलिस ने शुरू की जांच
मुंबई पुलिस ने विले-पार्ले, जुहू और गामदेवी में स्थानीय पुलिस को भी सतर्क कर दिया है, जिसके अधिकार क्षेत्र में अभिनेताओं और उद्योगपतियों दोनों के आवास आते हैं। इसके अलावा बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीएस) की टीमें भी तीनों के परिसर के आसपास किसी संदिग्ध मंशा की जांच कर सकती हैं। इस बीच, अधिकारियों ने कॉलर की पहचान करने और उसका पता लगाने का काम शुरू कर दिया है। आपको बता दें कि, इन दिनों मुंबई पुलिस को कई धमकी भरे फोन आ रहे हैं। परंतु, जांच के दौरान कई धमकी भरे कॉल झूठ निकले। मंगलवार को मुंबई पुलिस को एक ओर धमकी भरा फोन आया। जिसमें फोन करने वाले ने कहा कि अगले दस मिनट में कुर्ला के पास धमाका होगा। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और जांच के बाद पुलिस को कुछ नहीं मिला। पुलिस ने इस मामले में भी जांच शुरू कर दी है।